क्विक अलर्ट के लिए
अभी सब्सक्राइव करें  
क्विक अलर्ट के लिए
नोटिफिकेशन ऑन करें  
For Daily Alerts
Oneindia App Download

महंगाई के विरोध में राजग की हड़ताल का मिला-जुला असर (लीड)

By Staff
Google Oneindia News

नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। महंगाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों द्वारा किये गए राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आज देश भर में मिला जुला असर दिखाई दिया। आश्चर्यजनक रूप से दक्षिण के वामदलों के शासन वाले राज्य केरल और उत्तर पूर्व के कांग्रेस शासित राज्य असम में इसका व्यापक असर दिखा।

उत्तर भारत के भाजपा शासित राज्यों को छोड़ दिया जाए तो शेष राज्यों में हड़ताल का मिला जुला असर रहा। कुछ राज्यों में तो हड़ताल पूरी तरह फ्लाप शो साबित हुई। महंगाई के विरोध में आयोजित हड़ताल का आज केरल में व्यापक असर देखने को मिला। यहां की सड़कें खाली रहीं और दुकानें व व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। हड़ताल के कारण यहां जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। अधिकांश सरकारी वाहन सड़कों से नदारद रहे।

हड़ताल का असर उत्तर पूर्वी राज्य असम में भी देखा गया। राज्य के कई हिस्सों में परिवहन सेवा बाधित रही जबकि दुकानें व व्यापारिक प्रतिष्ठान भी इस दौरान बंद रहे। दरअसल, यहां भारत बंद का अफवाह फैल जाने के कारण कई स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी की घोषणा कर दी गई थी। अधिकांश सरकारी कार्यालयों में भी उपस्थिति कम दर्ज की गई।

तमिलनाडु के कुछ इलाकों में बंद का अच्छा खासा असर दिखा। पूर्व केंद्रीय मंत्री पोन राधाकृष्णन समेत भाजपा के 40 से अधिक कार्यकर्ताओं को यहां गिरफ्तार कर लिया गया।

तमिलनाडु में हड़ताल का ज्यादा असर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभाव वाले कन्याकुमारी जिले में देखा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने यहां न सिर्फ परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया बल्कि सरकारी बसों पर पथराव भी किया। कुछ जगहों पर भाजपा और द्रमुक कार्यकर्ताओं के आपस में भिड़ने की भी खबर है।

राजधानी दिल्ली में देशव्यापी हड़ताल का मिला-जुला असर रहा। राजधानी के कुछ हिस्सों में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। लेकिन सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बाधित नहीं किया गया। सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति सामान्य रही पर छोटे और मंझले दुकानदारों ने बड़े पैमाने पर अपनी दुकानें बंद रखीं। राजग के प्रमुख घटक दल जनता दल-यूनाइटेड के अध्यक्ष शरद यादव ने खुद को इस हड़ताल से दूर रखा।

भाजपा संसदीय दल के उपनेता विजय कुमार मल्होत्रा ने कहा, "हमने इस हड़ताल का आयोजन करते हुए यह सुनिश्चित किया है कि आम आदमी को इसके कारण कोई परेशानी न झेलनी पड़े। भाजपा व राजग शासित राज्यों में हम मानव श्रृंखला बनाकर महंगाई का विरोध कर रहे हैं।"

बिहार की सत्ताधारी भाजपा व जनता दल-युनाइटेड गठबंधन के नेताओं ने मानव श्रृंखला बनाई तथा इस दौरान सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को दिन के 11 बजे तक बंद रखा। बंद का असर पटना और आस पास के इलाकों में ज्यादा दिखा।

हड़ताल के आह्वान का भाजपा शासित राज्यों मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में खासा असर दिखा। इन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। हालांकि आम जनजीवन सामान्य तौर पर चलता रहा।

उत्तर-प्रदेश में हड़ताल का कोई खास असर देखने को नहीं मिला। हरियाणा में यही स्थिति रही। स्वेच्छा से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करने के आह्वान का प्रदेश के विभिन्न शहरों में कुछ जगहों पर आंशिक असर देखने को मिला। इन राज्यों में हड़ताल का कार्यक्रम फ्लाप शो की तरह रहा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Comments
देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों से अपडेट रहने के लिए Oneindia Hindi के फेसबुक पेज को लाइक करें
For Daily Alerts
तुरंत पाएं न्यूज अपडेट
Enable
x
Notification Settings X
Time Settings
Done
Clear Notification X
Do you want to clear all the notifications from your inbox?
Settings X
X