सपा ने मायावती सरकार को दी निर्णायक आंदोलन की चेतावनी
लखनऊ, 2 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) ने शुक्रवार को मायावती सरकार को चेतावनी दी कि अगर उसने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमें चलाकर उन्हें जेल में डालने का सिलसिला बंद न किया, तो राज्य सरकार के खिलाफ निर्णायक आंदोलन छेड़ा जाएगा।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिला-शहर अध्यक्षों की एक बैठक बुलाई थी। बैठक के बाद सपा के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि बसपा सरकार सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमें लाद रही है, जिससे लोकसभा चुनाव आते-आते सपा का मनोबल टूट जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यह सिलसिला न थमा, तो सपा प्रदेश सरकार के खिलाफ निर्णायक संघर्ष करेगी।
सूत्रों के अनुसार बैठक में सपा प्रमुख ने पार्टी में विभिन्न स्तरों पर व्याप्त गुटबाजी को समाप्त करने पर जोर दिया। साथ ही चेतावनी भी दी कि अगर समय रहते आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता न दिखायी गई, तो लोकसभा चुनाव में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलेंगे।
कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कांग्रेस के पूर्व विधायक सतीश कुमार के सपा में शामिल होने की घोषणा भी की।
इस बीच सपा के एक प्रमुख नेता और मुलायम सरकार में काबीना मंत्री रहे जगदीश राणा शुक्रवार को बसपा में शामिल हो गए। जगदीश राणा सहारनपुर की मुजफ्फराबाद सीट से विधायक चुने जाते रहे हैं लेकिन गत चुनाव में वह हार गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।