फीका रहा मजदूर दिवस
नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। संगठित क्षेत्र के मजदूरों-कर्मचारियों को एकजूटता का संदेश देने वाला मई दिवस इस बार काफी फीका रहा। इस अवसर पर गुरुवार को कुछ ही मजदूर संगठनों ने रैलियां निकालकर अपनी एकजूटता का इजहार किया।
वाम मोर्चा शासित केरल, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा में गुरुवार को छुट्टी घोषित की गई थी। इन राज्यों के कुछ शहरों में छोटे मजदूर संघों ने रैलियां निकाली। कोलकाता में तो यौनकर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में कैंडिल लाइट रैली निकाली।
महाराष्ट्र और भुवनेश्वर में भी गुरुवार को सरकारी छुट्टी रही। इस कारण यहां पर लोगों को शुक्रवार की सुबह स्थानीय अखबार नहीं मिल पाएगा।
गौरतलब है कि एक मई, 1886 को अमेरिका के शिकागो में मजदूरों ने एक दिन में काम के लिए आठ घंटे तय किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान हुई हिंसा में कई मजदूरों की मौत हो गई थी। इसी घटना की याद में हर वर्ष 1 मई को श्रम दिवस मनाया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।