पूर्वी चीन में दुनिया का सबसे लंबा पुल आवागमन के लिए खुला
जियाझिंग, 1 मई (आईएएनएस)। चीन में दुनिया के सबसे लंबे समुद्री पुल को आवागमन के लिए गुरुवार को खोल दिया गया। ऐसी उम्मीद है कि पूर्व चीनी सागर की होगझाउ खाड़ी में स्थित इस पुल के कारण आर्थिक विकास को तेज करने में मदद मिलेगी।
शंघाई को निंगबू से जोड़ने वाले 36 किलोमीटर लंबे इस पुल को बनाने में एक अरब 69 करोड़ डालर की लागत आई है। इससे यांग्तजी नदी डेल्टा में इन दोनों शहरों की दूरी 120 किलोमीटर घट जाएगी।
समाचार एजेंसी जिनहुआ के मुताबिक इस परियोजना में निजी निवेशकों ने 30 फीसदी धन का निवेश किया है। छह लेन वाले इस पुल पर 100 किलोमीटर गति से वाहन चलाने की अनुमति होगी।
इस पुल का निर्माण नवंबर, 2003 से शुरू किया गया था, जिसे गत साल जून में पूरा कर लिया गया था।
जियाझिंग के कार्यकारी उप महापौर कियू डोंगयाओ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए हैंगझाउ खाड़ी के जल को प्रदूषित होने से बचाया जाएगा।
इस पुल के खुल जाने के बाद झीझांग और शंघाई के बीच दूरी घट जाएगी। इससे उम्मीद है कि शंघाई-हैंगझाउ-निंगबू त्रिभुज पर यातायात और भी ज्यादा सुचारू हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।