लड़कियां नहीं पढ़ना चाहती सूचना और प्रौद्योगिकी विषय : अध्ययन
सिडनी, 1 मई (आईएएनएस)। विद्यालयों में सूचना प्रौद्योगिकी की पढ़ाई में लड़कों की तुलना में लड़कियां काफी पीछे हैं। दरअसल, स्कूलों में लड़कियां इस विषय को सबसे अधिक उबाऊ मानती हैं।
आस्ट्रेलिया में माध्यमिक विद्यालयों में सूचना और प्रौद्योगिकी विषय की पढ़ाई करने वाली छात्राओं की संख्या अभी भी काफी कम है। आस्ट्रेलियाई शोध परिषद (एआरसी) द्वारा कराए अध्ययन के अनुसार आज भी कई लड़के और लड़कियां यह समझती हैं कि सूचना प्रौद्योगिकी के उच्च स्तरीय कार्यो के लिए महिलाएं उपयुक्त नहीं होती हैं।
डेकिन विश्वविद्यालय के जूलाइने लाइंच के अनुसार वर्ष 2006 में बारहवीं स्तर के कार्यक्रमों में न्यू साउथ वेल्स, दक्षिण आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया में छात्राओं की हिस्सेदारी लगभग तीस फीसदी रिकार्ड की गई। वहीं सॉफ्टवेयर डिजाइन जैसे विषयों में केवल आठ फीसदी छात्राओं ने प्रवेश लिया।
लाइंच ने कहा कि छात्राएं कक्षाओं में सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित विषयों को आम जिंदगी में प्रयोग नहीं कर पाती हैं जिसकारण इन विषयों से उनकी दूरी बनती जाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।