हिमाचल के रोहतांग दर्रे में बच्ची को दिया जन्म
मनाली, 1 मई (आईएएनएस)। नेपाल की एक महिला ने हिमाचल प्रदेश के बर्फ की चादर से ढके रोहतांग दर्रे में एक बच्ची को जन्म दिया। गुरुवार को अधिकारियों ने कहा कि यहां पर इस तरह की यह पहली घटना है।
तिब्बतियों के बीच 'लाशों के ढेर' के रूप में प्रसिद्ध रोहतांग दर्रे के खुलने के बाद यह घटना बुधवार को घटी। एक वाहन में अपने पति के साथ यात्रा कर रही विष्णु देवी ने पास की एक गुफा में एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
यह नेपाली दंपति काम के सिलसिले में लाहौल घाटी जा रहा था। इस दौरान यह प्रसव बिना किसी डाक्टर की मदद के हुआ। लेकिन सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने इस जच्चा को कंबल, भोजन और पानी उपलब्ध कराया। बाद में बीआरओ के कर्मचारियों ने बच्ची के जन्म की खुशी में मिठाइयां बांटी।
गौरतलब है कि रोहतांग दर्रा मौसम में अचानक अत्यधिक बदलावों के कारण भी जाना जाता है। यहां अचानक बर्फबारी, बिजली के गिरने सहित अन्य प्राकृतिक आपदाएं होने से कई लोगों की मौत हो जाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।