महंगाई के खिलाफ शुक्रवार को भाजपा का हड़ताल
नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। महंगाई पर लगाम कसने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेसनीत केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के खिलाफ शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल करने की तैयारियां पूरी कर ली है। भाजपा ने दावा किया है कि इस हड़ताल से आम जीवन को अस्त व्यस्त नहीं किया जाएगा क्योंकि जनता स्वत: आंदोलन में शिरकत करेगी।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने पत्रकारों को बताया कि इस हड़ताल की विशेषता यह रहेगी कि जन असंतोष को प्रभावी रूप से प्रकट तो किया जाएगा, लेकिन जन-जीवन को अस्त व्यस्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोग दुकानें बंद रखकर पार्टी द्वारा आयोजित मानव श्रृखंला में शामिल होकर अपना आक्रोश प्रकट करेंगे।
जावड़ेकर ने मौजूदा महंगाई के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उद्योगों को सामाजिक दायित्व का पालन करने का आह्वान करते हैं लेकिन लोक कल्याणकारी लोकतांत्रिक सरकार के दायित्व को वहु खुद भूल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दूसरों पर दोषारोपण करके सरकार अपने दायित्व से पल्ला झाड़ रही है। सरकार के इस रवैये की निंदा करते हुए उन्होंने सरकार से मांग की कि वह आम आदमी को राशन दुकान से 5 किलो तेल व पांच किलो दाल सस्ते दामों पर मुहैया करवाए। साथ ही पेट्रोल व डीजल पर लगाए जाने वाले करों को तुरंत कम किए जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।