नांदेड़ विस्फोट में बजरंग दल का हाथ : पाटिल
नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने आज कहा है कि महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर में हुए विस्फोट के पीछे बजरंग दल का हाथ था।
पिछले 24 जनवरी को तमिलनाडु के तेनकासी में हुए बम विस्फोटों के बारे में उन्होंने कहा कि समाज के दो वर्गो के बीच दंगा भड़काने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया था। उन्होंने तेनकासी की घटना को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं का षड़यंत्र बताया।
राज्यसभा में मार्क्सवादी कमयुनिस्ट पार्टी (माकपा) की सदस्य वृंदा करात द्वारा नांदेड व तेनकासी विस्फोटों के बारे में पूछे गए सवाल पर पाटिल ने यह जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार नांदेड विस्फोट में बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं का हाथ था।
उन्होंने कहा कि इस जांच को लेकर जब महाराष्ट्र पुलिस पर सवाल उठाए जाने लगे तो इसे आतंकवाद निरोधी दस्ते को सौंप दिया गया। बाद में आतंकवाद निरोधी दस्ते पर भी जब सवाल उठाए जाने लगे तो अंत में मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो के हवाले कर दिया गया।
उन्होंने कहा, "दरअसल, इन सभी जांचों का परिणाम एक ही निकला।"
पाटिल के इस बयान का भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने विरोध किया। इसके बावजूद पाटिल ने कहा कि जितने भी विस्फोट हुए, सबका एक ही लक्ष्य था कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच खून खराबा फैले।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के लिए सिर्फ एक वर्ग को दोषी ठहराना उचित नहीं है क्योंकि इस प्रकार की घटनाओं में कई तत्व शामिल होते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।