यूरोपीय संघ ने भारत-पाक वार्ता का समर्थन किया
लग्जमबर्ग, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) के विदेश मंत्रियों की परिषद ने पाकिस्तान में लोकतंत्र की प्रगति की प्रशंसा करते हुए भारत के साथ पाकिस्तान की वार्ता लगातार जारी रहने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
ईयू के विदेश मंत्रियों के मंगलवार को जारी बयान में कहा गया है कि वह अंतर्राष्ट्रीय कानूनों और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के दायरे में पाकिस्तान के साथ संबंधों को पूरी मजबूती देना चाहते हैं।
बयान के अनुसार ईयू पाकिस्तान के साथ आर्थिक विकास और व्यापार, आतंकवाद निरोध, नि:शस्त्रीकरण, मानव अधिकार, प्रवास, शिक्षा, सांस्कृतिक संबंधों, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय महत्व के मामलों पर संबंध बढ़ाना चाहता है।
ईयू पाकिस्तान में साक्षरता बढ़ाने और रोजगार परक प्रशिक्षण को बढ़ाने में सहायता उपलब्ध कराने की संभावनाओं को भी तलाश रहा है। ईयू की नजर में पाकिस्तान क्षेत्रीय स्थिरता और आंतकवाद के मुकाबले के लिए सबसे आवश्यक देश है।
ईयू ने पाकिस्तान के साथ नि:शस्त्रीकरण, और जनसंहार के हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर काम करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।