विश्व बैंक नेपाल को देगा 12.7 करोड़ डालर की सहायता
काठमांडू, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। विश्व बैंक ने नेपाल में शांति प्रक्रिया को बहाल करने के लिए 12.7 करोड़ डालर की सहायता देने की घोषणा की है।
नेपाल न्यूज डॉटकॉम ने बुधवार को विश्व बैंक के कार्यकारी निदेशक माइकल मोर्डासिनी के हवाले से बताया कि बैंक की सहायता देश में शांति प्रक्रिया की बहाली की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों पर निर्भर करेगी।
नेपाल यात्रा के दौरान विश्व बैंक के दल ने प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री, राजनीतिक दलों के नेताओं और अन्य महत्वपूर्ण नागरिकों से भी मुलाकात की।
सूचना के अनुसार कुल सहायता राशि में से 5 करोड़ डालर नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी के कार्यकर्ताओं की तनख्वाह स्वरूप वितरित किए जाएंगे। सहायता राशि का कुछ हिस्सा स्वास्थ्य और ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं में भी लगाया जाएगा।
दरअसल, यह प्रस्तावित सहायता राशि बैंक द्वारा पहले ही पारित 25.2 करोड़ डालर की राशि के अतिरिक्त होगी। नया प्रस्ताव 6 मई को बैंक के बोर्ड के पास स्वीकृति के लिए जाएगा।
मोर्डासिनी ने सीपीएन-एम नेता प्रचंड से भी मुलाकात की।
मोर्डासिनी के अनुसार उनकी प्रचंड से मुलाकात काफी सफल रही। दोनों पक्षों के बीच देश में शांति स्थापना, विकास, जलवायु परिवर्तन, पनबिजली विकास, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं पर बातचीत हुई।
मोर्डासिनी ने कहा, "विश्व बैंक एक गैर-राजनीतिक संस्था है। सहायता का पूरा दारोमदार जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यो पर होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।