संघीय ढांचे के खिलाफ काम कर रही है केंद्र सरकार : वेंकैया
नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व मध्यप्रदेश के केंद्रीय चुनाव प्रभारी एम. वेंकैया नायडू ने बुधवार को कहा कि गैर कांग्रेसी राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार कर केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार संघीय ढांचे के खिलाफ काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का गैर कांग्रेसी राज्यों के साथ जो रूख है वह लोकतंत्र को कमजोर करने वाला है। नायडू ने संसद भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं।
नायडू ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों खासकर मध्यप्रदेश के साथ केंद्र की संप्रग सरकार लगातार सौतेला व्यवहार किए जा रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जन वितरण प्रणाली के तहत मध्यप्रदेश को मिलने वाले खाद्यान्न के कोटे में भारी कटौती की है।
उन्होंने कहा कि यहां के 48 में से 37 जिले सूखे की मार झेल रहे हैं और केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को एक भी फूटी कौड़ी नहीं दी। बुंदेलखंड के जो इलाके मध्यप्रदेश में हैं वहां तो यह समस्या और भी खतरनाक है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा बिजली और कोयला से जुड़ी मध्यप्रदेश सरकार की कई मांगों को केंद्र ने अब तक सिर्फ नजरअंदाज ही किया है।
नायडू ने कहा कि केंद्र सरकार जानबूझ कर मध्यप्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश जैसे राज्यों के कोटे में बढ़ोतरी की गई है वहीं मध्यप्रदेश को उसके कोटे का खाद्यान्न भी नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह राजनीतिक चश्मे से राज्यों के साथ व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की छवि को बिगाड़ने के लिए केंद्र सरकार ऐसा बर्ताव कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*