चमगादड़ों की मदद से मिलेगा वनों को नया जीवन
लंदन, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। जर्मनी के वैज्ञानिकों ने ऊष्ण कटिबंधीय क्षेत्रों में वनों को नया जीवन देने का एक अनूठा तरीका खोज निकाला है जो सस्ता होने के साथ-साथ उपयोगी भी है। इस अनोखे तरीके में चमगादड़ों की सहायता से बीजों का फैलाव किया जाएगा।
बर्लिन के 'जू एंड वाइल्ड लाइफ रिसर्च इंस्टीट्यूट' के डेटलेव केम ने कहा, "अभी तक हमने चमगादड़ों की दस प्रजातियों का पता लगाया है जो आम तौर पर बीजों के फैलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। हमने पाया कि 60 से अधिक प्रजातियों के पौधों को फैलाने में चमगादड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।"
केम ने कहा, "हमें यकीन है कि चमगादड़ इसमें मदद कर सकते हैं। वे अपनी रात्रिकालीन यात्राओं के दौरान लंबी दूरी तय करते हैं और उनके उन क्षेत्रों में जाने की संभावना भी रहती है जहां वनों का विनाश हो गया है।"
गौरतलब है कि सन 2000 से 2005 के बीच ऊष्ण कटिबंधीय वनों का क्षेत्र 0.18 फीसदी की गति से कम हुआ है। ये वन पर्यावरण संतुलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं क्योंकि ये कार्बन की मात्रा नियंत्रित करने के साथ-साथ जैव विविधता का भी बड़ा स्त्रोत हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।