यूरोपीय संघ ने घटाई अनुमानित आर्थिक विकास दर
ब्रसेल्स, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था यूरोपीय संघ (ईयू) ने अपनी अनुमानित विकास दर में लगभग आधे प्रतिशत की कटौती कर इसे वर्ष 2008 के लिए 2 प्रतिशत और वर्ष 2009 के लिए 1.8 प्रतिशत कर दिया है।
यूरो मुद्रा के प्रचलन वाले यूरोपीय संघ के 15 सदस्य देशों का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की अनुमानित विकास दर भी घटाई गई है। वर्ष 2008 के लिए अनुमानित विकास दर 1.7 प्रतिशत और वर्ष 2009 के लिए 1.5 प्रतिशत कर दी गई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2007 में यूरोपीय संघ की सकल घरेलु उत्पाद(जीडीपी)विकास दर 2.8 प्रतिशत थी। इस दौरान यूरो मुद्रा का प्रयोग करने वाले देशों का जीडीपी विकास दर 2.6 प्रतिशत थी। इससे पहले यूरोपीय संघ ने वर्ष 2008 के लिए अपेक्षाकृत बेहतर विकास दर की घोषणा की थी।
यूरोपीय संघ ने आज कहा कि विकास दर में अनुमानित कमी की मुख्य वजह वित्तीय बाजार की उथल पुथल, वस्तुओं की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि और इसके सबसे बड़े व्यापारिक साझेदार अमेरिका का खराब आर्थिक प्रदर्शन रहा है।
यूरोपीय संघ के आर्थिक और मौद्रिक मामलों के आयुक्त जोकिन अल्मुनिया ने अनुमानित आर्थिक परिणामों की घोषणा करते हुए कहा, "वर्ष 2004 में महंगाई की औसत वृद्धि दर 2 प्रतिशत के आस पास थी, इसके वर्ष 2008 में बढ़कर 3.6 प्रतिशत तक चले जाने की उम्मीद है।
यूरों के प्रचलन वाले क्षेत्रों में यह 3.2 प्रतिशत के आस पास रहेगी।" उन्होंने कहा कि यह स्थिति कमोबेश वर्ष 2009 तक बनी रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।