श्रीलंका में शहीद हुए भारतीय शांति सैनिकों का स्मारक तैयार
नई दिल्ली , 28 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय शांति सेना की वापसी के करीब दो दशक बाद युद्ध में तमिल चीतों के हाथों मारे गए भारतीय सैनिकों का स्मारक श्रीलंका की संसद के निकट बनकर लगभग तैयार हो गया है।
काले संगमरमर पत्थर से बने स्मारक पर भारतीय सेना के 1500 शहीद जवानों का नाम लिखा गया है। स्मारक में एक ज्योति प्रज्जवलित की जाएगी। स्मारक को श्रीलंका की नौसेना ने बनाया है।
भारत से बाहर भारतीय सैनिकों का यह पहला स्मारक होगा। स्मारक पर भारत का राष्ट्रीय चिह्न् अशोक चक्र भी अंकित किया जाएगा।
स्मारक के निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। इसका अनावरण 22 मई को या फिर इसके कुछ दिनों बाद होगा जब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क)के सम्मेलन में भाग लेने श्रीलंका जाएंगे।
स्मारक का निर्माण कार्य करीब छह महीने पहले शुरु हुआ था और इसके अगले दो हफ्तों में पूरा हो जाने की आशा है।
गौरतलब है कि जुलाई 1987 में भारतीय शांति सेना द्विपक्षीय समझौते के तहत तमिलों के विद्रोह से निपटने के लिए श्रीलंका गई थी।
लेकिन उसी वर्ष अक्टूबर तक करीब 1200 जवानों की मौत के बाद शांति सेना ने लड़ाई रोक दी थी। मार्च 1990 में शांति सेना भारत वापस लौट आई। इस लड़ाई में करीब 2800 सैनिक घायल हुए थे। इनमें कई तो जीवन भर के लिए अपंग हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।