संयुक्त अरब अमीरात में 31 लाख से अधिक विदेशी श्रमिक
दुबई, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 202 देशों के 31 लाख से अधिक श्रमिक हैं। हाल ही में जारी यूएई के श्रम मंत्रालय की 2007 की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि देश के दो लाख 60 हजार संस्थानों में 31 लाख 13 हजार विदेशी काम कर रहे हैं।
इस रिपोर्ट के अनुसार देश में करीब 15 लाख भारतीय हैं। इनमें करीब 8 से 10 लाख श्रमिक के तौर पर काम करते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार देश में श्रमिकों के अधिकारों को कानूनी जामा पहनाने और अमल में लाने के मामले में भी काफी प्रगति हुई है।
रिपोर्ट मेंकहा गया है किअंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार कार्मिकों के अधिकारों का पूरा ध्यान रखा गया है। रिपोर्ट में देश में सरकारी और निजी क्षेत्र में श्रमिक अधिकारों की सुरक्षा पर एक समान मॉडल बनाने पर जोर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि 2006 और 2007 में यूएई ने भारत, नेपाल, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, चीन, थाईलैंड और फिलीपींस के साथ द्विपक्षीय समझौते किए हैं। इन देशों से यूएई में श्रमिक बड़ी संख्या काम करने पहुंचते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार इन समझौतों से गैरकानूनी भर्ती एजेंसियों पर रोक लगेगी।
इसके अतिरिक्त यूएई के आंतरिक मंत्रालय ने रोजगार उपलब्ध कराने वालों पर कार्मिकों के पासपोर्ट रखने को भी गैरकानूनी घोषित किया है।
श्रम मंत्रालय इस कानून का उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस रद्द करेगा।
यूएई श्रम मंत्रालय का कहना है कि उसने गैरकानूनी श्रम दलालों और रोजगार उपलब्ध कराने वालों पर रोक लगाने के लिए भी एक समझौता किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।