मंदबुद्धि दूल्हे से दुल्हन ने किया शादी से इंकार
पटना, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार की महिलाएं अब कई मामलों में अपनी जागरूकता का परिचय दे रही हैं। मामला शादी का हो या फिर करियर का। सभी मामलों में लड़कियों ने फैसला लेना शुरू कर दिया है। उनके फैसलों को अब उनके घर वाले एवं समाज ने भी स्वीकारना शुरू कर दिया है।
इसी तरह का एक मामला दिखा पटना से सटे मनेर के हाथीटोला गांव में। जहां अशोक कुमार की पुत्री पुष्पा की शादी शनिवार को थी।
शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। लड़की अपने सपनों के राजकुमार का इंतजार कर रही थी। बारात भी दरवाजे पर लग चुकी थी। इसी क्रम में लड़की को गांव की महिलाओं ने बताया कि दूल्हा मंदबुद्धि का है। यह जानकारी मिलते ही लड़की ने शादी से इंकार कर दिया। लड़की द्वारा लिए गए अचानक इस निर्णय से परिवार वाले समेत सभी लोग स्तब्ध रह गए।
पुष्पा ने बताया कि जिसके साथ उसे सारा जीवन बिताना है और वही मंदबुद्वि का हो तो ऐसी शादी करने से क्या फायदा? इस घटना के बाद लड़की के पिता भी अपनी बेटी के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहते हैं कि वर पक्ष द्वारा वर के मंदबुद्धि होने की बात उनसे छिपायी गयी थी। बहरहाल मामला जो भी हो परंतु पुष्पा को इस बात की खुशी है कि उसने इस तरह का महत्वपूर्ण फैसला समय रहते ले लिया अन्यथा बाद में वैवाहिक जीवन में घुटन के अलावे और कुछ नहीं रह जाता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।