सिमी के पांच सदस्यों को ले गई कर्नाटक पुलिस
इंदौर, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। इंदौर के केंद्रीय जेल में बंद प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के पांच सदस्यों को कर्नाटक पुलिस अपने साथ शनिवार को ले गई।
सिमी के इन सदस्यों के खिलाफ कर्नाटक में भी मामले दर्ज हैं और पुलिस हुगली कोर्ट का एक वारंट लेकर आई थी, जिसके आधार पर जेल प्रशासन ने इन सभी को कर्नाटक पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
केंद्रीय जेल के अधीक्षक संजय पांडे ने बताया कि कर्नाटक पुलिस सफदर नागौरी, अदनान, सिवली, अहमद और एक अन्य के खिलाफ वारंट लेकर आई थी। इसी आधार पर जेल प्रशासन ने इन पांचों सदस्यों को कर्नाटक पुलिस को सौप दिया और वे उन्हें लेकर रवाना हो गए।
गौरतलब है कि मार्च माह में सिमी के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आधा सैकड़ा से अधिक सिमी सदस्यों की गिरफ्तारी की गई थी। इनसे पुलिस ने न केवल गहन पूछताछ की बल्कि पांच सदस्यों का नार्को टेस्ट भी कराया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।