आने वाले विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए सेमीफाइनल : नायडू
भोपाल, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू मानते हैं कि अगर भाजपा को फाइनल यानी लोकसभा चुनाव जीतना है तो उसे मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को सेमीफाइनल की तरह लेना होगा।
उनकी नजर में भाजपा इसके लिए पूरी तरह से तैयार है। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की ओर से प्रभारी बनाए गए नायडू ने आज केन्द्र सरकार पर जमकर हमला बोला और प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार की जमकर सराहना की।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में बने मीडिया कक्ष का लोकार्पण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आगामी रणनीति का खुलासा भी किया। उन्होंने बताया कि चुनाव से पहले उनकी प्राथमिकता सत्ता और संगठन से जुड़े लोगों से विचार-विमर्श की होगी।
नायडू ने कहा कि इसके लिए वह सभी से अलग-अलग बैठकें करेंगे। आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी महंगाई को मुद्दा बनाएगी। उन्होंने ऐलान किया कि 2 मई को भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में हड़ताल करेगी। इसके लिए वह बंद आदि का सहारा नहीं लेगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने बढ़ती महंगाई के लिए पूरी तरह केन्द्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि आज गरीब और अमीर के बीच का फर्क लगातार बढ़ता ही जा रहा है। गरीब के लिए रोटी का इंतजाम मुश्किल हो गया है। यह सब केन्द्र द्वारा दूरगामी योजना न बनाए जाने के कारण हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा केन्द्र में सरकार बनाती है तो अन्न सुरक्षा को मौलिक अधिकार में शामिल किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।