चीयर लीडर्स को बुलाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण : राजनाथ
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा है कि क्रिकेट के मैदान में चीयर लीडर्स को बुलाया जाना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
पार्टी के खेल-कूद प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यसमिति को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि किसी भी सूरत में अपसंस्कृति को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं से अपील की कि यदि खेल जगत में अपसंस्कृति को बढ़ावा दिए जाने का प्रयास होता है तो भाजपा कार्यकर्ताओं को इसका पुरजोर विरोध करना चाहिए।
भाजपा के पूर्व सांसद व 1983 की क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे कीर्ति आजाद ने कहा कि चीयर लीडर्स मनोरंजन का साधन हो सकते हैं लेकिन क्रिकेट के मैदान में उन्हें लाए जाने की कोई जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा कि खेलों में इस प्रकार के प्रयोग का हम विरोध करते हैं।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष नितिन गड़करी ने कल मुंबई में चीयर लीडर्स की आलोचना की थी और कहा था इस प्रकार के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि ऐसा नहीं किया जाता है तो बार डांसर्स के साथ अन्याय होगा क्योंकि महाराष्ट्र सरकार ने उन पर प्रतिबंध लगा रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।