जर्मनी में हर पांचवे किशोर को सिगरेट की लत
बर्लिन, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। जर्मनी में 11 से 17 आयुवर्ग का हर पांचवा किशोर सिगरेट की लत का शिकार है यानि की देश में किशोरों की कुल आबादी का 20 फीसदी हिस्सा अपनी जिंदगी को सिगरेट के धुंए में उड़ा रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि सिगरेट पीने वालों में लड़कियों का प्रतिशत ज्यादा है भले ही वो कम मात्रा में सिगरेट पीती हों।
चिकित्सा के क्षेत्र में काम करने वाले राबर्ट कोच संस्थान द्वारा कराए गए एक राष्ट्रव्यापी स्वास्थ्य सर्वेक्षण में यह आंकड़े सामने आए हैं।
इस अध्ययन में 11 से 17 साल की उम्र के सात हजार से भी अधिक किशोरों को शामिल किया गया। इस अध्ययन में उनके प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से धूम्रपान करने की संभावनाओं को भी ध्यान में रखा गया। अध्ययन के दौरान जिन बातों पर ध्यान दिया गया वे थीं, माता-पिता का सामाजिक स्तर तथा उनकी सिगरेट पीने संबंधी आदतें तथा किशोरों के विद्यालयों की स्थिति तथा उनके मित्रों की सिगरेट पीने संबंधी आदतें।
शोध के निष्कर्षो के अनुसार किशोरों के सिगरेट पीने पर उनके दोस्तों तथा विद्यालयों का बहुत गहरा असर पड़ता है। किशोर अपने माता-पिता की सिगरेट पीने की आदतों से उतने प्रभावित नहीं होते जितने अपने दोस्तों से होते हैं। यह भी पाया गया कि ऊंची कक्षाओं में पढ़ने वाले किशोर नीची कक्षाओं के किशोरों के मुकाबले ज्यादा सिगरेट पीते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**