खाद्य कीमतों पर अंकुश के लिए कदम उठाए संयुक्त राष्ट्र : इंडोनेशिया
न्यूयार्क, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडोनेशिया ने बुधवार को कहा कि संयुक्त राष्ट्र को दुनिया भर में खाद्य पदार्थो की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र में इंडोनेशिया के प्रतिनिधि मार्टी नातालेगावा ने कहा कि दुनिया भर में खाद्य पदार्थो की कीमतें तेजी से बढ़ रहीं हैं लेकिन अभी तक इस समस्या से निबटने के लिए कोई योजना तैयार नहीं की गई है।
नातालेगावा ने कहा, "हमें इसके लिए समग्र प्रयासों की जरूरत है। सभी देशों की सरकारों को संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर कोई हल निकालने का प्रयास करना चाहिए।"
इंडोनेशियाई प्रतिनिधि ने बताया कि उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून के सामने प्रस्ताव रखा है कि इस मुद्दे पर एक उच्च स्तरीय शिखर वार्ता का आयोजन किया जाए और उन्हें इस संबंध में आश्वासन भी मिला है।
उन्होंने कहा कि अगर संयुक्त राष्ट्र में इस वार्ता के आयोजन में देरी होती है तो मुद्दे की गंभीरता को देखते हुए इंडोनेशिया अपने यहां इसका आयोजन करवाएगा।
गौरतलब है कि बढ़ती खाद्यान्न कीमतों के कारण पिछले दिनों हैती की राजधानी पोर्ट-अव-प्रिंस में दंगे भड़क गए थे। इन दंगों में संयुक्त राष्ट्र के एक पुलिस अधिकारी के साथ छह अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*