अनाज की बढ़ती कीमतों से लोग रह सकते हैं भूखे : संयुक्त राष्ट्र
लंदन, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) के अनुसार अनाज की बढ़ती कीमतों के कारण दुनिया भर में करीब एक करोड़ लोग भुखमरी का शिकार हो सकते हैं।
समाचार एजेंसी 'वैम' के अनुसार डब्ल्यूएफपी की कार्यकारी निदेशक जोसेट शीरेन ने कहा, "यह भूख का नया रूप है। छह माह पूर्व जो लोग भुखमरी के दायरे में नहीं थे, अब हैं।"
उन्होंने कहा, "हमें तुरंत कार्यवाही करनी होगी और उदारता दिखानी होगी। इस समय प्रत्येक महाद्वीप में लोग प्रभावित हो रहे हैं और रोजगारों पर असर पड़ रहा है।"
उन्होंने कहा कि पौष्टिक भोजन न मिलने से बच्चे कुपोषण का शिकार हो सकते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने वैश्विक समुदाय की एकजुटता पर जोर दिया।
शीरेन ने कहा कि जिस तरह हिंद महासागर की सुनामी से निपटा गया था, अनाज की कीमतों से निपटने के लिए भी वैसे ही वैश्विक प्रयास होने चाहिए।
उल्लेखनीय है कि डब्ल्यूएफपी इस दिशा में सरकारों, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, विश्व बैंक और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष और अनेक गैर-सरकारी संगठनों के साथ मिल कर प्रयासरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।