अफगानिस्तान में भारतीय का अपहरण
इससे पहले काबुल से रिपोर्ट आई थी कि पश्चिमी अफगानिस्तान के हेरात प्रांत से दो भारतीयों का अपहरण किया गया है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार अफगानिस्तान में केवल एक ही भारतीय का अपहरण हुआ है।
अफगानिस्तान में भारतीय दूतावास के अधिकारी इस संबंध में अफगानी अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं। गौरतलब है कि एक पखवाड़े पहले एक आत्मघाती हमले में दो भारतीय इंजीनियरों की मौत हो गई थी।
अफगानिस्तान में सड़क निर्माण परियोजनाओं में भारतीय कर्मचारियों को लगातार निशाना बनाए जाने के बाद भी भारत वहां काम करने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहरा चुका है। अफगानिस्तान में काम कर रहे भारतीय कर्मचारियों के साथ इस साल इस प्रकार की यह तीसरी घटना है।
इससे पहले समाचार एजेंसी डीपीए ने जानकारी दी थी कि अफगानिस्तान में सड़क निर्माण कार्य से जुड़े एक भारतीय और एक नेपाली मजदूर सोमवार शाम से ही लापता हैं। पुलिस को भय है कि इन दोनों मजदूरों का अपहरण कर लिया गया है।
भारत और नेपाल के ये दोनों मजदूर अफगानिस्तान के पश्चिमी प्रांत हेरात की एक सड़क निर्माण कंपनी में काम करते थे। प्रांतीय पुलिस प्रमुख के प्रवक्ता नूर खान निकजाद ने कहा कि ये दोनों हेरात शहर और अद्रासकन जिले के बीच यात्रा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ये दोनों सोमवार शाम से लापता हैं।
निकजाद ने कहा, "दोनों एक निजी टैक्सी में सफर कर रहे थे। हमें यह पता नहीं चल पाया है कि इस घटना के पीछे टैक्सी चालक का हाथ था या उसका भी अपहरण हो गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस