बिहार भाजपा के बागियों ने की राजनाथ से भेंट
नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव गोपीनाथ मुंडे को मना कर महाराष्ट्र भाजपा में उपजे विवाद का आज भले ही निपटारा हो गया हो लेकिन पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के लिए राज्य के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के खिलाफ बिहार भाजपा में पनपा असंतोष अभी भी परेशानी का सबब बना हुआ है।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह के बुलावे पर बिहार भाजपा के तीन बागी नेताओं ने मंगलवार को दिल्ली में उनसे मुलाकात की। इन नेताओं ने पार्टी के संगठन महामंत्री रामलाल से भी भेंट की और अपनी बात उनके समक्ष रखी।
मिलने वाले नेताओं में बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह, राज्य सरकार में पूर्व मंत्री चंद्र मोहन राय और नोखा के विधायक रामेश्वर चौरसिया शामिल थे।
बागियों का नेतृत्व कर रहे गोपाल नारायण सिंह ने आईएएनएस से कहा, "बिहार के मसले पर केंद्रीय नेतृत्व चिंतित है। पार्टी अध्यक्ष ने उन्हें आश्वस्त किया है कि उनकी बातों पर गौर किया जाएगा।"
सिंह ने कहा, "बिहार भाजपा में उपजे असंतोष के हर पहलू से हमने पार्टी अध्यक्ष और संगठन महामंत्री को अवगत करा दिया है। अब निर्णय लेने की बारी उनकी है। हम अनुशासन के दायरे में अपना विरोध जारी रखेंगे जब तक कि फैसला हमारे पक्ष में नहीं होता।"
उल्लेखनीय है कि पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने इस मसले पर मोदी को पहले ही दिल्ली तलब किया था और उनसे सफाई भी मांगी थी। उन्होंने बिहार भाजपा अध्यक्ष राधामोहन सिंह और स्वास्थ्य मंत्री चंद्रमोहन राय से भी बातचीत की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।