चिली ने की भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते की पेशकश
सेन्टियागो, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। चिली की राष्ट्रपति मिशेल बेशलेट ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की पेशकश की है। वहीं भारत ने इस पेशकश पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया है।
सेन्टियागो, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। चिली की राष्ट्रपति मिशेल बेशलेट ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की पेशकश की है। वहीं भारत ने इस पेशकश पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया है।
भारत और चिली के बीच विमान सेवा, विज्ञान व प्रौद्योगिकी, खेल और अंटार्कटिका में सहयोग को लेकर चार समझौते हुए। समझौतों पर हस्ताक्षर करने के बाद चिली की राष्ट्रपति मिशेल ने कहा कि उनका देश भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता करने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि उनका देश भारत के लिए दक्षिण अमेरिका में एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र बन सकता है। मिशेल ने कहा कि चिली में व्यापार के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मुक्त व्यापार समझौते की पेशकश पर भारतीय अधिकारियों ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। विदेश मंत्रालय में पश्चिमी मामलों के सचिव नलिन सूरी ने कहा, "हमारे पास कई प्रस्ताव हैं जिसमें मुक्त व्यापार समझौता भी एक है।"
उन्होंने कहा, "चिली के साथ हम विशेष व्यापार समझौते (पीटीए) के तहत काम कर रहे हैं और हम इसे आगे बढ़ाना चाहते हैं।" एफटीए के बारे में उन्होंने कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी।
गौरतलब है कि दोनों देशों ने वर्ष 2006 में पीटीए पर हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद भारत और चिली के बीच द्विपक्षीय व्यापार में भारी बढ़ोतरी हुई। दोनों देशों के बीच 2.4 अरब डॉलर का व्यापार रिकार्ड किया गया।
पीटीए के अंतर्गत भारत चिली के 178 उत्पादों को सीमा शुल्कों में छूट देता है वहीं चिली 296 भारतीय उत्पादों पर सीमा शुल्कों में छूट दे रहा है। माना जा रहा है कि यह समझौता भविष्य में मुक्त व्यापार समझौते में तब्दील हो सकता है।
गौरतलब है कि भारत के साथ विशेष व्यापार समझौता करने वाला चिली पहला दक्षिण अमेरिकी देश है। चिली ने यह समझौता 40 से अधिक देशों के साथ किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*