राहुल का दंतेवाड़ा दौरा स्थगित
रायपुर, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले का दौरा फिलहाल स्थगित हो गया है। राहुल इसी सप्ताह दंतेवाड़ा जाने वाले थे। उन्होंने वहां के एक आदिवासी परिवार के घर रात बिताने की इच्छा जताई थी।
मुख्यमंत्री रमन सिंह के नेतृत्व वाली राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने राहुल की सुरक्षा के मामले में अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरण दास महंत ने बताया कि राहुल शुक्रवार से राज्य का दो दिवसीय दौरा करेंगे।
उन्होंने बताया कि राहुल अपने इस दौरे के दौरान दंतेवाड़ा के एक आदिवासी घर में रात बिताना चाहते थे लेकिन राज्य सरकार ने उनकी सुरक्षा से अपना पल्ला झाड़ लिया है।
नये कार्यक्रम के मुताबिक राहुल अब शुक्रवार को राज्य के आदिवासी बहुल पांच जिलों जशपुर, सरगुजा, कोरिया, रायगढ़ या कोरबा में से किसी एक जिले का दौरा करेंगे।
संभावना है कि राहुल छत्तीसगढ़ के दक्षिण स्थित कांकेर जिले का दौरा करें और वे वहां एक रात भी बिताएं। सुरक्षा कारणों से यह खुलासा नहीं किया गया कि उनकी रात कहां कटेगी। अगले दिन राहुल बस्तर जिले का दौरा करेंगे।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के सुदूर दक्षिण में स्थित दंतेवाड़ा जिले में माओवादियों की समानांतर सरकार चलती है। यह क्षेत्र आंध्रप्रदेश की सीमा से सटा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications