सेंसेक्स 258 अंक चढ़ा
मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। एशियाई पूंजी बाजार से मिले सकारात्मक रुख के चलते देश के प्रमुख शेयर बाजारों में सप्ताह के शुरुआती दिन बढ़त का माहौल रहा। मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 258.13 अंक यानी 1.57 फीसदी की मजबूती से 16,739.33 के स्तर पर बंद हुआ।
राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी दिन के कारोबार की समाप्ति पर 78.60 अंक यानी 1.59 फीसदी की तेजी के साथ 5,037 के स्तर पर दर्ज किया गया। धातु, दूरसंचार, सूचना प्रौद्योगिकी , ऊर्जा, रीयल्टी व बैंकिंग क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में आज भारी लिवाली दर्ज की गई।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी अच्छी-खासी बढ़त देखी गई। मिडकैप सूचकांक जहां 146.87 अंक यानी 2.15 फीसदी मजबूत होकर 6,983.26 के स्तर पर रहा वहीं, स्मालकैप सूचकांक 221.47 अंक यानी 2.60 फीसदी चढ़कर 8,752.83 के स्तर पर दर्ज किया गया।
दिन के कारोबार के दौरान बीएसई में आज जिन कंपनियों के शेयरों के भाव चढ़े उनमें प्रमुख हैं:- टाटा स्टील, जेपी एसोसिएट्स , विप्रो, सुजलान एनर्जी व सेल। भेल व स्टरलाइट इंडस्ट्रीज के शेयरों में नरमी दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications