यूरोपीय संघ के विदेश नीति के प्रमुख सोलाना काबुल पहुंचे
ब्रसेल्स, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के दौरे पर निकले यूरोपीय संघ (ईयू) की विदेश नीति के प्रमुख जेवियर सोलाना सोमवार को काबुल पहुंच गए। यहां राष्ट्रपति हामीद करजई से उनकी बातचीत ईयू-अफगानिस्तान समझौतों और क्षेत्रीय विकास पर होनी है।
समाचार एजेंसी ईयूएशिया न्यूज के मुताबिक सोलाना के प्रवक्ता क्रिस्टिना गैल्लाक ने संवाददाताओं से कहा कि उनका यह दौरा अफगानिस्तान के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
गैल्लाक ने ध्यान दिलाया कि कुछ समय पहले बुखारेस्ट में नाटो देशों के नेताओं की बैठक में अफगानिस्तान ने चर्चा का नेतृत्व किया था। इस युद्धग्रस्त देश के लिए जून में एक सम्मेलन पेरिस में बुलाई गई है।
इस दौरे में अफगान अधिकारियों के साथ सोलाना की बातचीत 2007 में शुरू किए गए ईयू पुलिस मिशन के बारे में भी होगी। करीब 230 कर्मियों वाले मिशन 'ईयूपोल अफगानिस्तान' का काम गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों को पुलिस व कानून के शासन के बारे में सलाह व प्रशिक्षण देंगे।
मंगलवार को होने वाले पाकिस्तान दौरे में सोलाना की बातचीत राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ, प्रधानमंत्री युसूफ रजा गिलानी और तीनों मुख्य राजनीतिक दलों के नेताओं से इस्लामाबाद में होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications