हाजिर बाजारों में सोना व चांदी चढ़े
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। मिश्रित अंतर्राष्ट्रीय रुख के बीच घरेलू हाजिर बाजारों में आज सोना व चांदी में बढ़त देखी गई। घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स में हालांकि सोना व चांदी वायदा में मिश्रित रुख है।
अंतर्राष्ट्रीय हाजिर बाजार में आज कारोबार के दौरान सोना 4 डालर चढ़कर 919.75 डालर प्रति औंस देखा गया जबकि सीबोट में सोना जून वायदा 7.10 डालर की तेजी से 922.50 डालर प्रति औंस दर्ज किया गया। निवेशकों को फिलहाल अमेरिका से आज जारी होने वाले शिकागो फेड नेशनल एक्टीविटी इंडेक्स का इंतजार है। सप्ताह के अन्य कारोबारी दिनों के दौरान अमेरिका से जारी होने वाले आवास, उपभोक्ता व उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आंकड़ों पर भी निवेशकों की निगाहें होगी।
न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज के कामेक्स डिवीजन में सप्ताहांत सोना जून वायदा 27.70 डालर की कमजोरी से 915.20 डालर प्रति औंस दर्ज किया गया जबकि चांदी मई वायदा 48.5 सेंट की नरमी से 17.82 डालर प्रति औंस देखा गया।
मुंबई सर्राफा बाजार में आज सोना (995) और (999) क्रमश: 11,905 और 11,960 रुपये प्रति दस ग्राम बंद हुए जबकि चांदी दिन के कारोबार की समाप्ति पर 23,885 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई।
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना (995) और (999) क्रमश: 11,900 और 11,920 रुपये प्रति दस ग्राम बंद हुए जबकि चांदी 23,100 रुपये प्रति किलो बंद हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications