मैं नहीं छोड़ूंगा देश: नेपाल नरेश

माओवादियों के शीर्ष नेतृत्व द्वारा राजा को गद्दी छोड़ने और आम नागरिक की तरह रहने के बयानों के बावजूद शाही महल ने कहा है कि भारत या किसी अन्य पड़ोसी देश में शरण लेने की राज परिवार की कोई इच्छा नहीं है।
राजा ज्ञानेंद्र के प्रेस सचिवालय ने एक बयान में कहा है कि हाल के दिनों में राजा के खिलाफ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में छपने वाली खबरों पर उनकी नजर है।
गौरतलब है कि भारतीय समाचार पत्रों में इस तरह की खबरें छपी थीं कि राजा अपने रिश्तेदारों के यहां शरण लेने की संभावना तलाश रहे हैं।
यद्यपि इन रिपोर्टों का भारत के विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी ने पिछले हफ्ते खंडन करते हुए कहा कि भारत नेपाल के राजा को शरण देने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहा था।
गौरतलब है कि नेपाल में राजशाही विरोधी भावनाएं इस समय चरम पर हैं। राजा को प्राप्त सभी विशेषाधिकार समाप्त करने के लिए माओवादी पहले ही कह चुके हैं।
एक सप्ताह पहले एक नेपाली साप्ताहिक ने समाचार प्रकाशित किया था कि राजपरिवार की बहू हिमानी भारत में अपने माता पिता के पास चली गई हैं। महल ने भी इसकी पुष्टि की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications