मुंडे कल दिल्ली आएंगे : राजनाथ
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व कद्दावर नेता गोपीनाथ मुंडे द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सभी पदों से इस्तीफा देने के बाद पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व हरकत में आ गया है। पार्टी की ओर से मुंडे को मनाने के हरसंभव प्रयास शुरू हो गए हैं।
मुंडे के मसले पर आज शाम पार्टी मुख्यालय में भाजपा कोर ग्रुप के नेताओं की एक बैठक हुई। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष लालकृष्ण आडवाणी और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह समेत कोर ग्रुप के सदस्यों ने हिस्सा लिया।
बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने संवाददताओं को कहा, "मुंडे कल दिल्ली आ रहे हैं। उनसे मिल बैठकर चर्चा करेंगे और फिर आगे का फैसला लिया जाएगा।"
इस बीच, पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने मुंडे के साथ-साथ महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष नितिन गड़करी को आज दिल्ली तलब किया था। गड़करी ने तो दिल्ली दरबार में दस्तक दे दी है लेकिन मुंडे ने दिल्ली आने से मना कर दिया था।
इससे पहले, मुंडे मामले पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की आज सुबह भी एक बैठक हुई। बैठक में राजनाथ सिंह और आडवाणी के अलावा वेंकैया नायडू भी शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि मुंडे ने पार्टी पर लोकतांत्रिक मूल्यों से किनारा कर लेने का आरोप लगाते हुए कल पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। मुंडे का आरोप था कि उनसे सलाह मशविरा किये बगैर ही फैसले पर फैसले किये जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक मुंडे मुंबई नगर अध्यक्ष पद पर मधु चव्हाण की नियुक्ति के विरोध में थे। उन्होंने इस पद के लिए दो गैर मराठी और एक मराठी नाम सुझाया था। लेकिन उनके सुझावों को कोई तवज्जो नहीं दी गई।
यहां तक कि हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान मुंडे रेखा महाजन को टिकट दिए जाने की वकालत कर रहे थे लेकिन इस मामले में भी उन्हें किनारे कर दिया गया। मुंडे इन्हीं सब बातों से नाराज चल रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।