पराग्वे में पूर्व पादरी के चुनाव जीतने की उम्मीद
एसन्शियन (पराग्वे), 21 अप्रैल (आईएएनएस)। अगर एक्जिट पोल (चुनावी पूर्वानुमान) के नतीजों पर यकीन किया जाए तो पराग्वे में रविवार को हुए चुनावों में एक पूर्व रोमन कैथोलिक पादरी फर्नाडो लुगो जीत कर इतिहास रचने की कगार पर है।
अगर लुगो इन चुनावों में जीत हासिल करते हैं तो पिछले 61 सालों से देश पर शासन कर रही कंजरवेटिव पार्टी 'पार्टिडो कोलराडो' सत्ता से बाहर हो जाएगी।
समाचार पत्र 'एबीसी डिजिटल' के अनुसार एक्जिट पोल के नतीजों के अनुसार इन चुनावों में लुगो को 43 फीसदी मत मिलने की उम्मीद है जबकि सत्तारुढ़ दल की उम्मीदवार ब्लांका ओवेलर को 37 फीसदी मत मिलने की उम्मीद है।
पराग्वे के चुनावी कानून के अनुसार इन चुनावों में जीतने वाला उम्मीदवार अगले पांच वर्षो के लिए राष्ट्रपति निकानार डुआर्टे फ्रुटास का स्थान लेगा।
इससे पहले रविवार को पराग्वे में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुए थे हालांकि चुनाव पर्यवेक्षकों ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टिडो कोलराडो ने नतीजों को अपने उम्मीदवारों के पक्ष में करने के लिए धोखाधड़ी का सहारा लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications