नेपाल में भारतीय उड्डयन कंपनी वेक्ट्रा के हेलीकॉप्टर जब्त
काठमांडू, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल में उड्डयन नियमों का उल्लंघन करने के कारण भारतीय निजी उड़ान कंपनी वेक्ट्रा को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नेपाल के विदेश मंत्रालय ने भारत के अधिकारियों से कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
वेक्ट्रा भारत में चार्टर्ड हेलीकाप्टर सेवा प्रदान करती है। पिछले हफ्ते कंपनी का एक हेलीकाप्टर नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएएन)की बिना अनुमति के ही काठमांडू पहुंच गया।
तीन सदस्यीय चालक दल का नेतृत्व कैप्टन वी.एन. शर्मा कर रहे थे। गुरुवार को नई दिल्ली से उड़ान भरने के बाद यह लोग लखनऊ और सिमरा के रास्ते काठमांडू पहुंचे।
काठमांडू हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने हेलीकाप्टर को जब्त कर लिया और चालकों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
जांच के बाद नेपाली विदेश मंत्रालय अपनी रिपोर्ट भारतीय विदेश मंत्रालय को भेजेगा। आशा है कि रिपोर्ट में वेक्ट्रा कंपनी के खिलाफ एक संप्रभु देश की हवाई सीमा का उल्लंघन करने और सुरक्षा को खतरा पहुंचाने के लिए दंडात्मक कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।
गौरतलब है कि दो वर्ष पहले एक और भारतीय हेलीकाप्टर रास्ता भटककर नेपाल की सीमा में चला गया था। लेकिन उसे बिना किसी दंड के छोड़ दिया गया क्योंकि चालक दल के सदस्यों का कहना था कि दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट की एक झलक देखने के प्रयास में वह रास्ता भटक गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications