डिलेवरी वार्ड में बजी शहनाई
झांसी, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। झांसी के जिला अस्पताल में रविवार रात को नजारा ही निराला था। यहां के प्रसव (डिलेवरी) वार्ड में बच्चों की किलकारी की बजाए शहनाई की धुनें गूंज रही थीं। मौका था एक कर्मचारी की बिटिया की शादी की।
अमूमन प्रसव वार्ड को शोर-शराबे और प्रदूषण से दूर रखा जाता है, मगर झांसी के जिला अस्पताल के प्रसव वार्ड में वही सब कुछ हुआ, जो नहीं होना चाहिए था।
एक कर्मचारी मुन्नालाल की बिटिया की शादी थी। उसे आयोजन के लिए कोई जगह नहीं दिखी, तो उसने प्रसव वार्ड को ही आयोजन स्थल में बदल दिया। यहां खूब खाना-पीना और नाच-गाना चला। इस दौरान यहां भर्ती महिलाओं को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
एक महिला मरीज जसोदा देवी ने बताया कि वह वार्ड में भर्ती है, मगर उसे बाहर आंगन में कर दिया गया। ऐसा इसलिए क्योंकि वार्ड के भीतर शादी का कार्यक्रम था। इसी तरह कई और महिला मरीजों को बाहर निकाला गया।
स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक आर. के. भारद्वाज ने कहा कि वे इस पूरे मामले की जांच कराएंगे तथा दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications