पटना में मुख्यमंत्री के जनता दरबार में हंगामा
पटना, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। राजधानी पटना के 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब जनता दरबार में फरियादियों की शिकायतों को अधिकारियों द्वारा बाद में सुनाने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण, सड़क, बिजली और पानी संबंधी मामलों के फरियादियों की शिकायत सुन रहे थे।
आम जनता दरबार की अपेक्षा आज जनता दरबार में कुछ ज्यादा ही भीड़ थी। आवेदनों की अधिकता को देखते हुए जनता दरबार में उपस्थित अधिकारियों ने शेष फरियादियों को अगले जनता दरबार में आने की बात कही। अधिकारियों द्वारा इतना कहे जाने पर अपनी फरियाद सुनाने से वंचित रह गये फरियादियों ने हो-हंगामा शुरू कर दिया।
विनोद चंद्रवंशी के साथ ही कुछ अन्य फरयादियों ने कहा कि वे पिछले तीन-चार दफे से जनता दरबार में आ रहे हैं लेकिन उनकी फरियाद नहीं सुनी जा रही है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री प्रत्येक सोमवार को जनता दरबार का आयोजन करते हैं लेकिन गत सोमवार को रामनवमी होने के कारण जनता दरबार का आयोजन नहीं किया गया था। इस कारण इस जनता दरबार में भीड़ बढ़ गयी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।