लेबनान में गोलीबारी, फलांग पार्टी के दो कार्यकर्ताओं की मौत
बेरुत, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। लेबनान के राजनैतिक दल 'क्रिस्चियन फलांग पार्टी' के पूर्वी लेबनान स्थित मुख्यालय पर अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा चलाई गई गोली में पार्टी के दो सदस्यों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घटना रविवार शाम को हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पार्टी कार्यकर्ताओं का एक समूह जाहले में अपने नए कार्यालय के उद्घाटन में व्यस्त था तभी एक चलती कार से स्वचालित हथियारों द्वारा उनपर हमला किया गया। पार्टी ने मारे गए दोनों व्यक्तियों की पहचान अपने सदस्यों नासरी मारौनी और सलीम अस्सी के रूप में की है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि लेबनान के पूर्व राष्ट्रपति अमीन गेमायेल का एक बेटा गोलीबारी के ठीक पहले वहां से निकला था।
गौरतलब है कि गेमायेल के बड़े बेटे पियरे की 21 नवंबर 2006 को एक कार बम विस्फोट में हत्या कर दी गई थी।
गेमयाल ने सरकार से न्याय की मांग करते हुए कहा, "अपराधी को सभी जानते हैं। मैं सरकार से मांग करता हूं कि वह जल्द से जल्द अपराधियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications