पश्चिम बंगाल में बंद से जनजीवन अस्त-व्यस्त
कोलकाता, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। खाद्य पदार्थो की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के विरोध में तृणमूल कांग्रेस और सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (एसयूसीआई) ने आज राज्यव्यापी 12 घंटे के बंद का आह्वान किया। बंद का सबसे अधिक असर रेल सेवाओं पर देखा गया।
कोलकाता आए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को भी बंद के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी। कोलकाता के पुलिस आयुक्त गौतम मोहन चक्रवर्ती ने आईएएनएस को बताया, "प्रियंका वढ़ेरा, राहुल गांधी और शाहरुख खान को सुरक्षा कारणों से अपनी विमान यात्रा रद्द करनी पड़ी।"
गौरतलब है कि ये सभी रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच देखने के लिए कोलकाता पहुंचे थे। बंद का सबसे अधिक असर शिक्षण संस्थानों पर देखा गया। बंद के मद्देनजर सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों को बंद कर दिया गया था।
पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता समीर गोस्वामी ने कहा, "हावड़ा और सियालदाह रेल मंडलों में ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुइर्ं। बंद के कारण कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। कई लंबी दूरी की ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर ही रोक दिया गया।"
इस बंद का असर कोलकाता में मेट्रो रेल सेवा पर नहीं पड़ा। वहीं बंद का असर हवाई सेवा पर भी नहीं देखा गया। कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय (एनएससीबीआई) हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि किसी भी उड़ान को स्थगित या रद्द नहीं किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बंद के दौरान तृणमूल कांग्रेस के लगभग 150 कार्यकर्ताओं को बर्धमान जिले के पुरबस्थली में गिरफ्तार किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications