फिर भाजपा पर बरसीं उमा भारती
लखनऊ, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनशक्ति पार्टी की अध्यक्ष उमा भारती ने कहा है कि अगर पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग कर हरित प्रदेश बनाया गया तो यह दूसरा पाकिस्तान बन जाएगा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में वापसी की संभावनाओं का जोरदार खंडन करते हुए कहा कि जो पार्टी उन्हें समाप्त करने में लगी है उसमें लौटने का सवाल ही नहीं उठता।
लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में उमा भारती ने कहा कि बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाने से पहले वहां लोगों के पेट भरने की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य बाद में बन जाएगा लेकिन पहले भूख से मर रहे लोगों के जीवन की रक्षा होनी चाहिए।
एक सवाल के जवाब में उमा भारती ने कहा कि न तो वह भाजपा में लौट रही है और न ही भाजपा स्वयं उनकी वापसी चाहती है। उन्हें कमजोर करने के लिए भाजपा उनकी घर वापसी की खबरें फैलाती रहती है।
उन्होंने कहा कि विशेष आर्थिक क्षेत्र और तिब्बत मामले में भाजपा का दृष्टिकोण स्पष्ट नहीं है। उसे इन दोनों मामलों पर तत्काल अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा का हिन्दुत्व केवल गुजरात और उत्तर प्रदेश तक ही सीमित है और किसी अन्य राज्य में वह हिन्दुत्व की बात नहीं करती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications