पंजाब में सेवानिवृत्त एसपी के घर से मिला हथियारों का जखीरा
चंडीगढ़, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब में एक सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक के घर से आभूषणों और अन्य कीमती वस्तुओं की चोरी के एक मामले की जांच कर रही पुलिस उस समय हैरत में पड़ गई, जब उसे इस अधिकारी के घर से हथियारों का जखीरा मिला।
मामले की जांच कर रही पुलिस ने सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुरेंद्र सिंह अटवाल को उनके सेक्टर 15 स्थित बंगले से रविवार रात को गिरफ्तार कर लिया।
अटवाल के घर पर हुए चोरी के एक मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "ऐसा लगता है कि अटवाल किसी युद्ध की तैयारी कर रहे थे पर उन्होंने तर्क दिया है कि उन्हें जान से मार देने की धमकी मिली थी। इसलिए ये हथियार खुद की सुरक्षा के लिए रखे गए थे।"
पुलिस ने बताया कि अटवाल के घर से एक एके-47 आटोमेटिक राइफल, 1,351 कारतूस, एक 38 बोर का प्रतिबंधित रिवॉल्वर, प्रतिबंधित नौ एमएम पिस्तौल के 168 कारतूस, एके-47 का एक खाली ड्रम, स्वचालित राइफल की 95 राउंड गोलियां, एक 303 राइफल व 59 राउंड गोलियां और सात खाली मैगजींस जब्त की गई हैं।
गौरतलब है कि पंजाब में जब 1982-95 के दौरान आतंकवाद परवान पर था, तो अटवाल को होशियारपुर, अमृतसर, तरनतारन, मजिठा और फिरोजपुर में तैनात किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications