नवी मुंबई में कामर्शियल कांप्लेक्स बनाएगा एल एंड टी
मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। इंजीनियरिंग और विनिर्माण क्षेत्र की कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एल एंड टी) ने घोषणा की है कि इसकी संपत्ति विकास शाखा नवी मुंबई में सीवुड्स स्टेशन के नजदीक 35 अरब रुपये के निवेश से विश्व स्तरीय कामर्शियल कांप्लेक्स का निर्माण करेगी।
लगभग 40 एकड़ से अधिक जमीन में फैली उक्त परियोजना के साथ ही अगले तीन वर्ष के दौरान एल एंड टी 'स्टेट आफ द आर्ट सीवुड्स-डैरेव रेलवे स्टेशन' का भी विकास करेगी।
एल एंड टी और महाराष्ट्र प्रांत के 'सिटी एंड इंडस्ट्रियल डेवेलपमेंट कारपोरेशन' (सिडको) के बीच आज मुंबई में एक समझौता हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एल एंड टी उक्त परियोजना का विकास नवी मुंबई और मुंबई के लोगों को शहरी शॉपिंग और एंटरटेनमेंट के लिए गंतव्य मुहैया कराने के उद्देश्य से कर रही है।
बताया जा रहा है कि उक्त परियोजना में बच्चों के लिए एंटरटेनमेंट, गेमिंग और खेल से संबंधित गतिविधियों के लिए ज्यादा जगह होगी। कंपनी आंतरिक घरेलू साज-सज्जा और जेवरात के लिए भी विशेष मॉल बनाने की योजना बना रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।