संयुक्त उद्यम लगाएंगे हीरो-डेमलर
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। आटोमोबाईल क्षेत्र की देशी कंपनी हीरो समूह और भारी वाहन बनाने वाली जर्मनी की मशहूर कंपनी 'डेमलर एजी' ने 44 अरब रुपये के निवेश से संयुक्त उद्यम स्थापित करने की घोषणा की है।
संयुक्त उद्यम 'डेमलर हीरो मोटर कारपोरेशन' के अध्यक्ष सुनील कांत मुंजाल ने आज पत्रकारों को बताया कि नई कंपनी में वर्ष 2010 से उत्पादन शुरू हो जाएगा। इसमें व्यापारिक इस्तेमाल के वाहनों का उत्पादन किया जाएगा।
मुंजाल ने कहा, "हम अभी संयंत्र स्थापित करने के लिए स्थान तय कर रहे हैं। पुणे, चेन्नई और हरियाणा में जगह की तलाश की जा रही है। इस बारे में कोई फैसला अगले दो महीने में हो जाएगा।"
डेमलर एजी के प्रबंधक मंडल के सदस्य एंड्रियास रेंशलर ने कहा कि संयुक्त उद्यम की शुरुआती उत्पादन क्षमता 70,000 वाहन होगी।
इसमें केवल हल्के और मध्यम आकार के वाहनों का उत्पाद होगा। बाद में भारी वाहनों के उत्पादन के बारे में विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में डेमलर 13.86 अरब रुपये का निवेश करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications