सप्ताह के पहले दिन सेंसेक्स का दोहरा शतक (लीड)
मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। वैश्विक पूजी बाजारों से मिले सकारात्मक रुख और वित्तीय संस्थानों व कंपनियों के मजबूत वार्षिक कार्य परिणाम की संभावना के बीच देश के प्रमुख शेयर बाजारों में सप्ताह के शुरुआती दिन तेजी का माहौल रहा। मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 258.13 अंक यानी 1.57 फीसदी की मजबूती से 16,739.33 के स्तर पर बंद हुआ।
राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी दिन के कारोबार की समाप्ति पर 78.60 अंक यानी 1.59 फीसदी की तेजी के साथ 5,037 के स्तर पर दर्ज किया गया। धातु, दूरसंचार, सूचना प्रौद्योगिकी , ऊर्जा, रियल्टी व बैंकिंग क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में आज भारी लिवाली दर्ज की गई। दिन के कारोबार के दौरान बीएसई में कुल 2,116 शेयरों के भाव चढ़े। कुल 736 शेयरों के भाव गिरे और 224 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं देखा गया।
निवेशकों को इस सप्ताह प्रमुख कंपनियों के वित्तीय वर्ष 2007-08 के कार्य परिणाम का बेसब्री से इंतजार है। आज ही रिलायंस इंडस्ट्रीज के वार्षिक कार्य परिणाम भी जारी किए जाएंगे। भारतीय रिजर्व बैंक के द्वारा 29 अप्रैल को किए जाने वाले मौद्रिक समीक्षा नीति पर निवेशकों का रुख निर्भर करेगा।
वैश्विक रुखों के लिए निवेशकों को अमेरिका में जारी होने वाले विभिन्न वित्तीय संस्थानों व कंपनियों के वार्षिक कार्य परिणामों का भी इंतजार रहेगा। साथ ही फेडरल रिजर्व की महीने के अंत में प्रस्तावित बैठक पर भी निवेशकों की निगाहें होगी।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी अच्छी-खासी बढ़त देखी गई। मिडकैप सूचकांक जहां 146.87 अंक यानी 2.15 फीसदी मजबूत होकर 6,983.26 के स्तर पर रहा वहीं, स्मालकैप सूचकांक 221.47 अंक यानी 2.60 फीसदी चढ़कर 8,752.83 के स्तर पर दर्ज किया गया।
दिन के कारोबार के दौरान बीएसई में आज जिन कंपनियों के शेयरों के भाव चढ़े उनमें प्रमुख हैं:- टाटा स्टील, जेपी एसोसिएट्स , विप्रो, सुजलान एनर्जी व सेल। भेल व स्टरलाइट इंडस्ट्रीज के शेयरों में नरमी दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications