शेयर बाजारों में तेजी, सीआरआर में वृद्धि का असर नहीं (लीड)
मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय शेयर बाजारों के शुरुआती कारोबार में आज तेजी का रुख देखा गया। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा सीआरआर की दरों में की गई वृद्धि का बाजार पर कोई असर नहीं पड़ा है।
इस दौरान एशियाई शेयर बाजारों ने भी अच्छा कारोबार किया।
मुंबई स्टाक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' 148.82 अंकों की बढ़त के साथ 16,611.41 पर खुला। दस मिनट के कारोबार के बाद यह 224.41 अंकों अथवा 1.36 फीसदी की बढ़त के साथ 16,705.61 पर पहुंच गया।
इसी समय नेशनल स्टाक एक्सचेंज का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' कल के मुकाबले 75.70 अंकों की बढ़त के साथ 5034.10 पर था।
बाजार का रुख आज सकारात्मक रहा। मुंबई स्टाक एक्सचेंज में 1,112 कंपनियों ने लाभ कमाया, 200 को नुकसान हुआ और 12 कंपनियों की स्थिति में कोई परिवर्तन नहीं हुआ।
शुरुआती कारोबार में लाभ कमाने वाली कंपनियां थीं विप्रो, टीसीएस, एचडीएफसी और भारती एयरटेल।
एशियाई बाजारों में भी आज कारोबार का रुख तेजी की ओर रहा। जापान का 'निक्के ई' सूचकांक 1.64 फीसदी अथवा 221.24 अंकों की बढ़त के साथ 13,697.69 पर रहा जबकि हांगकांग का 'हेंगसेंग' सूचकांक 2.35 फीसदी अथवा 568.92 अंकों की बढ़त के साथ 24,766.70 पर रहा।
इसी तरह ताईवान का 'ताईवान वेटेड' 0.45 फीसदी अथवा 40.74 अंकों की बढ़त के साथ 9,115.08 पर, सिंगापुर का 'स्ट्रेट टाइम्स' 2.40 फीसदी अथवा 75.05 अंकों की बढ़त के साथ 3,199.92 पर और दक्षिण कोरिया का 'सियोल कंपोजिट' 1.69 फीसदी अथवा 29.95 अंकों के साथ 1,801.85 पर रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications