इंदौर से होगी गार्डन डे की शुरुआत
इंदौर, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की औद्योगिक राजधानी इंदौर एक और इतिहास रचने की तैयारी में है। आगामी 30 अप्रैल को इस महानगर से एक नए अध्याय की शुरुआत होगी जिसे पूरी दुनिया गार्डन डे के नाम से जानेगी। तय किया गया है कि 30 अप्रैल को 101 उद्यानों की आधारशिला रखी जाएगी जिससे एक नए अभियान का न केवल श्रीगणेश होगा बल्कि इंदौर का नाम एक बार फिर चर्चा में आ जाएगा।
वैसे तो मदर डे, फादर्स डे, वैलेंटाइन डे जैसे दिवस मनाए जाने की परंपरा पहले से रही है लेकिन गार्डन डे (उद्यान दिवस) नई पहल है। इंदौर की महापौर डा. उमा शशि शर्मा ने इस दिवस की शुरुआत करने की ठानी है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक 29 अप्रैल की रात 12 बजे विद्याधाम मंदिर के नजदीक उद्यान की आधारशिला रखकर एक नए फलसफे की शुरुआत की जाएगी। उद्यानों की नींव रखने का यह सिलसिला 30 अप्रैल की शाम 7 बजे तक चलेगा जो कंचन बाग में पूरा होगा।
समापन के मौके पर नेहरू पार्क में एक रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें इंदौर के लगभग 25 हजार लोग मोमबत्ती जलाकर अपने शहर को हरा भरा बनाए रखने का संकल्प लेंगे।
इस अनूठे आयोजन पर नजर रखने के लिए 'लिमका बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड' का एक दल भी इंदौर पहुंच रहा है। अगर यह आयोजन सफल रहा तो इंदौर के नाम एक और रिकार्ड दर्ज हो जाएगा।
हाल ही में नेहरू स्टेडियम में दुनिया की सबसे बड़ी चाय पार्टी का आयोजन किया गया था। इस पार्टी ने इंदौर को 'गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड' में जगह दिलाई थी। उसी क्रम में उक्त आयोजन की तैयारी में इंदौर शहर के लोग जी जान से जुट गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications