भोपाल की सड़कों पर दौड़ी नवाबों की सवारी
भोपाल, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। भोपाल के गौहर महल से वीआईपी रोड तक दौड़ते हुए तांगों और बग्घियों ने नवाबों के जमाने की याद ताजा कर दी। 'भोपाल कार्निवाल' के आयोजन का सैलानियों ने भी खूब आनंद उठाया।
पप्पू मियां, अन्नू भाई, कप्पू भाई, रमेष, नईम और उबेश के दौड़ते तांगों से बड़े तालाब के किनारे बनी वीआईपी रोड का नजारा ही बदल गया। इस सड़क पर आधुनिकतम दुपहिया एवं चार पहिया वाहनों की रेलमपेल मची रहती है।
उल्लेखनीय है कि तांगे भोपाल और नवाबों की पहचान रहे हैं। लेकिन आज हालत वैसी नहीं रही। इस शहर में तांगे अब इक्का दुक्का ही नजर आते हैं।
मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने 19 से 26 अप्रैल तक भोपाल कार्निवाल का आयोजन किया है। इसी के तहत आज 'तांगा राइड' का आयोजन किया गया था।
पर्यटन निगम के महाप्रबंधक बी़ एम़ नामदेव ने बताया, "तांगा का भोपाल से गहरा रिश्ता रहा है। लेकिन अब यहां तांगा नजर नहीं आते। लोगों में इसके प्रति जागृति के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। लेकिन तमाम प्रयास के बावजूद केवल सात तांगों और बग्घियों का जुगाड़ हो सका। इतना ही नहीं तांगों पर घूमने वालों की संख्या भी ज्यादा नहीं रही।"
इन तांगों में सैलानियों को घुमाने के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया था। सैलानी शांति देवी का कहना है कि वे कई सालों बाद आज तांगे में बैठी और उन्हें अब से तीस साल पुरानी यादें ताजा हो गईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।