संयुक्त राष्ट्र महासचिव जिम्बाव्वे पर अफ्रीकी देशों की वार्ता आयोजित करेंगे
न्यूयार्क, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा है कि वह रविवार से घाना में शुरू हो रहे संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में जिम्बाब्वे की स्थिति पर अफ्रीकी देशों के नेताओं की वार्ता आयोजित करेंगे।
बीबीसी के अनुसार बान ने रविवार को कहा कि वह नेताओं के साथ वहां विकास प्रक्रिया को फिर से शुरू करने के उपायों पर चर्चा करेंगे।
बान का यह बयान उनके पूर्ववर्ती कोफी अन्नान की इस टिप्पणी के बाद आया है कि अफ्रीकी नेताओं को जिम्बाव्वे संकट पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
गौरतलब है कि जिम्बाब्वे में तीन हफ्ते पहले चुनाव हुए थे लेकिन अभी राष्ट्रपति पद के परिणाम घोषित नहीं किए गए हैं। वहां कुछ इलाकों में मतों की दोबारा गणना हो रही है।
रविवार को शुरू हुए संयुक्त राष्ट्र के पांच दिवसीय व्यापार और विकास सम्मेलन में बान ने कहा कि जिम्बाब्वे, आइवरी कोस्ट,दारफूर और केन्या की समस्या कार्यसूची में सबसे ऊपर हैं।
गौरतलब है कि अन्नान ने अन्य अफ्रीकी देशों से जिम्बाब्वे की समस्या को हल करने में भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि संकट का प्रभाव केवल जिम्बाब्वे तक ही सीमित नहीं रहेगा।
अन्नान ने यह टिप्पणी केन्या की राजधानी नैरोबी में की है जहां वह जिम्बाब्वे के विपक्षी नेता के साथ शुक्रवार को वार्ता कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।