जहानाबाद में अवैध पटाखा कारखाना में विस्फोट, तीन की मौत
पटना, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के जहानाबाद जिले में आज सुबह करीब 9 बजे एक अवैध पटाखा कारखाना में विस्फोट हो जाने के कारण तीन व्यक्तियों की मौत हो गयी, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत चिंताजनक बतायी जा रही है।
जहानाबाद के मन्नान खां के यहां अवैध पटाखा कारखाना का संचालन किया जा रहा था। आज सुबह अचानक कारखाने में विस्फोट हो गया। इस विस्फोट से फैली आग ने एक गैस सिलेंडर को भी अपने जद में ले लिया, जिससे गैस सिलेंडर में भी विस्फोट हो गया। घटना में स्थानीय मोहम्मद सद्दाम, फारूख खां तथा जरीना खातुन की मौत घटना स्थल पर हो गयी। मकान मालिक मन्नान खां सहित सात अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए।
बुरी तरह घायल चार व्यक्तियों को बेहतर इलाज हेतु पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया है। शेष अन्य लोगों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में किया जा रहा है। आरक्षी अधीक्षक जहानाबाद अरविंद कुमार ने बताया कि मोहम्मद मन्नान के यहां पटाखा बनाने के अवैध कारखाने का संचालन किया जा रहा था, जिसमें अचानक विस्फोट हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गयी है तथा घटना के कारणों के बारे पता लगा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*