ब्रिस्टल में गिरफ्तार किशोर ने हाल ही में अपनाया था मुस्लिम धर्म
लंदन, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड के शहर में पुलिस ने एक ब्रिटिश किशोर के घर में मिले विस्फोटकों को निष्प्रभावी कर दिया। किशोर को आंतकी गतिविधियों के आरोप में पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
सूचना के अनुसार 19 वर्षीय इस किशोर का नाम एंड्रयू इब्राहिम है। उसने हाल ही में इस्लाम अपनाया था।
पुलिस ने शुक्रवार दो बजे दोपहर में विस्फोटकों को निष्प्रभावी करने के लिए पहला सीमित धमाका किया था। इसके बाद शनिवार को दो अन्य विस्फोट किए गए।
पुलिस ने विस्फोटकों की प्रकृति की जानकारी नहीं दी।
शुक्रवार की इस कार्रवाई के दौरान निकटवर्ती 30 लोगों को अपने घरों से बाहर रात गुजारनी पड़ी।
इसी तरह शनिवार की कार्रवाई में भी करीब 40-50 लोगों को उनके घरों से हटना पड़ा।
गौरतलब है कि पुलिस ने गुप्तचर एजेंसी की सूचना पर इब्राहिम को पकड़ा था।
घटना पर टिप्पणी करते हुए स्थानीय मुस्लिम नेता फारुक सिद्दीकी ने कहा है कि इब्राहिम को ब्रिस्टल के मुस्लिम वर्ग में कोई नहीं जानता था।
सिद्दीकी ने कहा कि यह ब्रिस्टल के मुस्लिम समुदाय के लिए बहुत कठिन समय है। उन्होंने लोगों से पुलिस को सहयोग करने और एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।