महंगाई पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन छेड़ेगी भाजपा
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महंगाई एवं किसानों की समस्याओं पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन करने का फैसला किया है। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में आज संपन्न हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में यह निर्णय किया गया।
महंगाई पर होने वाले राष्ट्रीय आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के लिए पार्टी अध्यक्ष ने एक समिति की भी घोषणा की है। सुषमा स्वराज, अरूण जेटली, विजय गोयल, बलबीर पुंज, रविशंकर प्रसाद एवं प्रकाश जावडेकर को इस समिति का सदस्य बनाया गया है। यह समिति आंदोलन का खाका तैयार करेगी।
महंगाई के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन के बारे में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की 21 तारीख की बैठक में चर्चा होगी और उसी में इसका निर्णय लिया जाएगा। बैठक में देशभर में पंचायत स्तर पर 'किसान आंदोलन' लगाने का फैसला भी लिया गया। 1 मई से 15 जून 2008 तक चलने वाले इस मुहिम में किसानों की कर्जमाफी के संबंध में केंद्र सरकार की घोषणा का लाभ जिन किसानों को नहीं मिला है, उनसे कर्ज मुक्ति फार्म भरवाकर जमा किए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।