इन्दौर में भाजपा नेता पकड़ा गया रंगरेलियां मनाते
इन्दौर 18 अप्रैल (आईएएनएस) इन्दौर में आकर रंगरेलियां मनाना एक भाजपा नेता को महंगा पड गया। उसे पुलिस ने अपने चार साथियों और कोलकोता की बार बालाओं के साथ रंगरेलियां मनाते हुए पकडा। पार्टी ने उक्त नेता को निष्कासित कर दिया हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी की धार इकाई के महामंत्री शान्ति लाल तरंगी अपने कुछ साथियों के साथ इन्दौर की पिंक सिटी भूसाखेड़ी में रंगरेलियां मना रहे थे। संयोगितागंज पुलिस को खबर मिली तो उसने सुबह लगभग चार बजे छापा मारा जहां उसे शान्ति लाल तरंगी तथा उनके साथी अनिल व जितेन्द्र संदिग्ध हालत में मिले।
यह मकान प्रमोद अग्रवाल का हैं। पुलिस को यह भी खबर थी कि इस मकान में लम्बे अरसे से अनैतिक कार्य चल रहा हैं। पुलिस ने कोलकोता से लाई गई तीन बार बालाओं सोनिया, रानी और पायल को भी हिरासत में ले लिया हैं।
इन्दौर की पुलिस अधीक्षक इरमिन शाह ने बताया हैं कि चार लड़कों और तीन लड़कियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और दैहिक शोषण का मामला दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने अपने नेता की इस करतूत को गंभीरता से लेते हुए उसे पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी के उपाध्यक्ष विजेन्द्र सिंह सिसौदिया ने आईएएनएस को बताया कि पार्टी ने भाजपा नेता के कृत्य की जानकारी मिलते ही उसे तुरन्त पार्टी से बाहर कर दिया हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।